आज हम कक्षा 10 के हिन्दी व्याकरण का अध्याय 'रचना के आधार पर वाक्य रूपांतर' के बारे में अध्ययन करेंगे। तो पहले हम देखते है कि रचना के आधार पर वाक्य कितने होते हैं :--
रचना के आधार पर वाक्य तीन प्रकार के होते हैं --
1 . सरल वाक्य या साधारण वाक्य
2 . मिश्रित वाक्य
3 . संयुक्त वाक्य
अब हम इनके बारे में जाने की ये क्या होते हैं --
सरल वाक्य या साधारण वाक्य
जिन वाक्यों में एक ही कर्ता और क्रिया होती है अथवा एक ही उद्देश्य और विधेय होता है , उन्हें हम साधारण वाक्य या सरल वाक्य कहते हैं। जैसे-- बादल गरजे।
राम आया।
इन वाक्यों में एक उद्देश्य या कर्ता और एक विधेय या क्रिया है , अत : ये सरल या साधारण वाक्य कहलाएँगे।
मिश्रित वाक्य
जिन वाक्यों में एक प्रधान उपवाक्य हो तथा शेष आश्रित उपवाक्य हो ,उन्हें मिश्रित वाक्य कहते हैं। जो वाक्य कि, जो, क्योंकि, जितना, उतना, जैसा, वैसा, जब, तब, जहाँ, वहाँ, जिधर, उधर, अगर,यदि, तो, यद्यपि, तथापि, आदि से मिश्रित हों उन्हें मिश्रित वाक्य कहते हैं।
जैसे -- मेरा विश्वास है कि मोहन पास हो जायेगा।
परीक्षा में पास वही होता है जो मेहनत करता है।
उपरोक्त वाक्यों में मेरा विश्वास है तथा परीक्षा में पास वही होता है प्रधान उपवाक्य है जबकि मोहन पास हो जायेगा और मेहनत करता है आश्रित उपवाक्य है।
संयुक्त वाक्य
जिस वाक्य में दो या दो से अधिक उपवाक्य मिले हों, परन्तु सभी वाक्य प्रधान हो तो ऐसे वाक्य को संयुक्त वाक्य कहते है।ये वाक्य और, एवं, तथा, या, अथवा, इसलिए, अतः, फिर भी, तो, नहीं तो, किन्तु, परन्तु, लेकिन, पर आदि संयोजक शब्दों से जुड़े रहते हैं जिनसे इनकी पहचान होती है।
जैसे -- वह सुबह गया और शाम को लौट आया।
उसने बहुत मेहनत करी किन्तु सफ़लता नहीं मिली।
इनमें सभी उपवाक्य प्रधान है लेकिन ये सयोंजक शब्दों से जुड़े हैं।
वाक्य रूपांतरण
एक वाक्य का दूसरे वाक्य में परिवर्तन करने को वाक्य रूपांतरण कहते हैं। वाक्य रूपांतरण करते समय हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि वाक्य के अर्थ में कोई परिवर्तन नहीं हो। ये रूपांतरण भी तीन तरह से होता हैं जो इस तरह हैं --
( 1 ) सरल वाक्य का मिश्रित या संयुक्त में रूपांतरण
( 2 ) मिश्रित वाक्य का सरल या संयुक्त में परिवर्तन
( 3 ) संयुक्त वाक्य का सरल या मिश्रित में रूपांतरण
सरल वाक्य का मिश्रित या संयुक्त में रूपांतरण
1. निशा रोकर बोली। ( सरल वाक्य )
वह निशा है जो रोकर बोली। ( मिश्र वाक्य )
निशा रोई और बोली। ( संयुक्त वाक्य )
2. तुम खाना खाकर सो जाना। ( सरल वाक्य )
जब तुम खाना खा लो तब सो जाना। ( मिश्र वाक्य )
तुम खाना खाना और सो जाना। ( संयुक्त वाक्य )
3. रीना पढ़ -लिखकर इंजीनियर बनी। ( सरल वाक्य )
जैसे ही रीना पढ़ -लिख गयी , वह इंजीनियर बन गयी। ( मिश्र वाक्य )
रीना पढ़ी -लिखी और इंजीनियर बनी। ( संयुक्त वाक्य )
मिश्रित वाक्य का सरल या संयुक्त में रूपांतरण
1. शकील ने जो कार खरीदी है, वह पुरानी है। ( मिश्र वाक्य )
शकील ने एक पुरानी कार खरीदी है। ( सरल वाक्य )
शकील ने एक कार खरीदी है और वह पुरानी है। ( संयुक्त वाक्य )
2. जो लोग परिश्रमी थे , वे सफ़ल हो गए। ( मिश्र वाक्य )
परिश्रमी लोग सफ़ल हो गए। ( सरल वाक्य )
परिश्रमी लोगों ने परिश्रम किया और सफ़ल हो गए। ( संयुक्त वाक्य )
3. ज्योंही अध्यापक आए , बच्चे शांत हो गए। ( मिश्र वाक्य )
अध्यापक के आते ही बच्चे शांत हो गए। ( सरल वाक्य )
अध्यापक आए और बच्चे शांत हो गए। ( संयुक्त वाक्य )
संयुक्त वाक्य का सरल या मिश्रित में रूपांतरण
1. मनीषा बीमार थी अत: स्कूल नहीं आई। ( संयुक्त वाक्य )
मनीषा बीमार होने के कारण स्कूल नहीं आई। ( सरल वाक्य )
मनीषा स्कूल नहीं आई क्योंकि वह बीमार थी। ( मिश्र वाक्य )
2. उसके पास कार तो थी किन्तु ठीक नहीं थी। ( संयुक्त वाक्य )
उसके पास ठीक कार नहीं थी। ( सरल वाक्य )
जो कार उसके पास थी, वह ठीक नहीं थी। ( मिश्र वाक्य )
3. अजय ने केक काटा और सबको बाँट दिया। ( संयुक्त वाक्य )
अजय ने केक काट कर सबको बाँट दिया। ( सरल वाक्य )
अजय ने सबको केक तब बाँटा जब काट लिया। ( मिश्र वाक्य )
तो और अधिक समझने के लिए आप नीचे दिया वीडियो देखिए :--
आशा है आपको इस लेख और वीडियो से वाक्य रूपांतरण समझ में आ गया होगा। अगर आपको मेरा लेख और वीडियो अच्छा लगा हो तो कृपया मेरे ब्लॉग और यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब ,फॉलो ,लाइक और शेयर जरूर कीजियेगा।
धन्यवाद
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.